[aioseo_breadcrumbs]

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मिलेगा अवसर : सांसद दुष्यंत सिंह

स्टेडियम एवं खेल संकुल के ₹251.89 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास, 300 से अधिक खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

बारां। शहर के श्रीराम स्टेडियम एवं खेल संकुल में खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम में सांसद दुष्यंत सिंह ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि इन विकास कार्यों से जिले की खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुविधायुक्त खेल मैदान तैयार होने से बारां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक राधेश्याम बेरवा ने की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिले में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा खेल और खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी खेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत खेल संकुल बारां में मिट्टी भराई, एथलेटिक्स ट्रैक, नाला निर्माण एवं लाइटिंग कार्य पर ₹145 लाख व्यय किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अंतर्गत श्रीराम स्टेडियम में ग्राउंड डेवलपमेंट एवं अन्य विकास कार्यों पर ₹106.89 लाख की लागत से कार्य कराए जाएंगे। कुल ₹251.89 लाख की लागत से होने वाले इन कार्यों से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

समारोह में विधायक ललित मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासू, अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, राजेंद्र नागर, यशमानु जैन, अशोक बन्ना, बारां नागरिक बैंक के अध्यक्ष हरगोविंद जैन, राकेश जैन, जयेश गालव, भाजपा नगर अध्यक्ष ओ.पी. पारेता, कैलाश शर्मा, मुकेश केरवलिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत कार्यवाहक आयुक्त दशरथ मीणा, धर्मराज गुर्जर, श्याम मनोहर शर्मा, राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया, जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष भीमराज चौधरी, कोच प्रदीप हाड़ा, कृष्ण कुमार नामदेव, नरेंद्र तिवारी, फारूक मोहम्मद सहित अन्य पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासू ने खिलाड़ियों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से मैदान पर पसीना बहाकर अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।

राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी होने जा रही है। घासयुक्त एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त मैदान तैयार होने से फुटबॉल खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने सांसद दुष्यंत सिंह एवं विधायक राधेश्याम बेरवा का आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम का संचालन सुनील शर्मा एवं ऋचा वर्मा ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, खेल प्रेमी एवं नागरिक मौजूद रहे।

300 से अधिक खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

 

जिला फुटबॉल संघ के जिला प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के विभिन्न विद्यालयों के 300 से अधिक खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। साथ ही खेल गतिविधियों में सहयोग देने वाले भामाशाहों एवं पत्रकारों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

Third Eye News 24
Author: Third Eye News 24

सत्यमेव जयते

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RELATED LATEST NEWS