[aioseo_breadcrumbs]

जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, बजट घोषणाओं में तेजी लाएं

जिला कलक्टर असावा के सख्त निर्देश

बारां। आमजन को राहत देने और योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने सभी विभागों को संवेदनशीलता और समन्वय का मंत्र दिया। बुधवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बिजली-पानी की आपूर्ति, मौसमी बीमारियों की रोकथाम और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

संपर्क पोर्टल पर डेली मॉनिटरिंग अनिवार्य  

जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर आने वाली हर शिकायत की प्रतिदिन मॉनिटरिंग हो। निस्तारण के बाद परिवादी को कॉल कर संतुष्टि स्तर भी जांचा जाए। उन्होंने 30 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों को गंभीरतापूर्वक प्राथमिकता से निपटाने को कहा। संपर्क पोर्टल, समन्वय संगम पोर्टल, ई-फाइलिंग व उच्च स्तर से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा जन समस्याओं का समाधान शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक होना चाहिए।

बजट घोषणा – विकास के कामों में देरी बर्दाश्त नहीं  
वर्ष 2024-25 व 2025-26 की बजट घोषणाओं की धीमी प्रगति पर कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ये कार्य जिले के विकास का मजबूत आधार हैं, इन्हें समय पर पूरा किया जाना चाहिए। साथ ही समयबद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने जीएसएस निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र भवन, शेरगढ़ आइकॉनिक टूरिस्ट डेस्टीनेशन, रामगढ़ क्रेटर पर्यटन विकास समेत सभी बिंदुओं पर रुकावटें दूर कर काम तेज करने के निर्देश दिए।
फ्लैगशिप योजनाओं की ग्राउंड रिपोर्ट तलब  
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अभियान, कुसुम योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम कृषि सिंचाई योजना, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, पीएम ग्रामीण सड़क योजना, पीएम शहरी आवास योजना, अमृत योजना, पंच गौरव योजना, लखपति दीदी, विश्वकर्मा योजना, एमएसएमई, लहसुन उत्पादन, सोलर पंप, लाडो प्रोत्साहन योजना, स्प्रिंकलर सिस्टम आदि की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज होगा  
असावा ने चिकित्सा व शिक्षा विभाग को आपसी सामंजस्य से सर्वाइकल कैंसर रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण प्रभावी तरीके से चलाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम भंवरलाल जनागल, सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, उपखंड अधिकारी विश्वजीत सिंह, महिला अधिकारिता उपनिदेशक दुर्गाशंकर मीणा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Third Eye News 24
Author: Third Eye News 24

सत्यमेव जयते

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RELATED LATEST NEWS