बारां। प्रमुख जनगणना अधिकारी व कलक्टर भंवरलाल जनागल ने कहा कि जिले में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित संपन्न करने के लिए जिले के सभी 14 चार्ज स्तर (8 ग्रामीण एवं 6 नगरीय क्षेत्र) को कुल 2626 मकान सूचीकरण ब्लॉक में विभाजित किया गया है। जिनमें डेटा संकलन के लिए 2242 प्रगणकों एवं 377 पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त आम नागरिकों के लिए स्व- गणना की सुविधा 1 मई से 15 मई 2026 तक समर्पित वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
जनागल ने यह बात मंगलवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना राष्ट्र निर्माण की वह आधारशिला है, जिस पर भविष्य की विकास योजनाएं, सामाजिक न्याय की नीतियां एवं संसाधनों का न्यायसंगत वितरण निर्धारित होगा। जनगणना 2027 देश की प्रथम पूर्णतः डिजिटल जनगणना के रूप में, हमें एक ऐतिहासिक अवसर प्रदान करेगी। जिससे इसे जन- सहभागिता के सर्वाेच्च स्तर तक ले जाया जा सकेगा। यह भारत की 16वीं जनगणना है। उन्होंने बताया कि जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के फील्ड वर्क (16 मई से 14 जून 2026) से पूर्व की तैयारियां नवम्बर 2025 से शुरू की जा चुकी हैं। जनगणना 2027 का संपूर्ण प्रबंधन और नियंत्रण सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। प्रथम चरण के लिए सीएमएमएस पोर्टल पर एचएलबी गठन, एचएलबी वेब मैपिंग, प्रगणक व सुपरवाईजरों के प्रशिक्षण के लिए बैच गठन के कार्य संपन्न किए जा चुके है।

इसी क्रम में जिले के उपखण्ड अधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं उनके नियमित सहायक तथा फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्य 1 मई से 15 मई के मध्य सभी चार्ज स्तर पर आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक बैच को दो फील्ड ट्रेनर्स की टीम द्वारा तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा ।
जनागल ने बताया कि परिवार का कोई भी एक सदस्य लगभग 15-20 मिनट में स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिवार संबंधी विवरण दर्ज कर सकता है तथा स्व-गणना पहचान संख्या अपने मोबाइल, ई-मेल पर प्राप्त कर सकता है। प्रगणक द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान, स्व-गणना के विवरण की पुष्टि एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए, परिवार के सदस्य द्वारा एसई आईडी प्रगणक के साथ साझा करना आवश्यक होगा।
स्व-जनगणना अभियान की शुरुआत 1 मई 2026 को जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वयं के परिवार की गणना के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




