[aioseo_breadcrumbs]

ग्राम रथ जन-जन तक पहुंचाएंगे योजनाओं का संदेश

जिले में ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ

बारां। जिले में राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्याें की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से एलईडी मोबाईल वैन आधारित ग्राम रथ अभियान का मंगलवार को प्रातः कलेक्ट्रेट परिसर में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधानसभा वार रथों को हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार गरीब और किसानों के हित में निरंतर जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। इन योजनाओं की जानकारी दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणजनों तक ग्राम रथ आमजन के बीच पहुंचकर साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जिले व राज्य को योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से अनेक सौगातें दी गई हैं। जिनका लाभ अधिकतम लोगों को पहुंचाने के लिए तत्परता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। किशनगंज-शाहबाद विधायक ललित मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जनहितेषी योजनाओं के साथ बड़े प्रोजेक्ट कुशलता के साथ संचालित किए जा रहे हैं। जिनका फायदा मजदूरों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा है। प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी भी ईमानदारी और कर्मशीलता के भाव के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन को अधिक से अधिक लाभान्वित करें।

कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, प्रधान मोरपाल सुमन, जयेश गालव, महावीर सिंह हाड़ा, ओपी पारेता सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। इससे पहले जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने ग्राम रथ अभियान के बारे में जानकारी दी तथा सभी जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से इसमें सहयोग करते हुए इसे सफल बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह रथ जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 15 दिनों तक ग्रामीण अंचल में पहुंचकर ग्रामीणों व किसानों को एलईडी स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से जन कल्याणकारी योजनाओं और समृद्ध राजस्थान के लिए किए जा रहे कार्यो के बारे में जानकारी देंगे। रथों के साथ कला जत्थे रचनात्मक तरीके से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की नियमित व प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। अंत में सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी ने आभार व्यक्त किया। संचालन सुनील शर्मा ने किया।

Third Eye News 24
Author: Third Eye News 24

सत्यमेव जयते

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RELATED LATEST NEWS