
जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चैधरी को पत्र प्रेषित करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में आमजन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होना चाहिए
बारां। अन्ता विधानसभा क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही पेयजल आपूर्ति को लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रमोद जैन भाया ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चैधरी को पत्र प्रेषित करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में जहां आमजन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होना चाहिए, वहीं अन्ता सहित पूरे बारां जिले में जल संकट बना हुआ है।
विधायक भाया ने बताया कि उन्होंने पूर्व में कई बार जिला प्रशासन को पत्र लिखकर पेयजल आपूर्ति सुचारू करवाने का आग्रह किया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। अन्ता, मांगरोल, सीसवाली, अटरू, छबडा समेत कई कस्बाई व ग्रामीण क्षेत्रों में जहां गंभीर जल संकट बना हुआ है, वहां अब तक पानी के टैंकरों की व्यवस्था भी शुरू नहीं की गई है, ना ही हैण्डम्प और ना ही ट्यूबवेल दुरूस्त करवाए गए जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से अन्ता-नागदा-बल्देवपुरा, सिंगोला, सायगढ़, सोनवा सहित शेरगढ़, ल्हासी, हीकड़, मजरावता, सहरोल तलहटी पेयजल परियोजना एवं विभिन्न एकल ग्राम पेयजल योजनाओं में नियमित एवं पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। इन क्षेत्रों के लोग भीषण गर्मी में पेयजल के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
विधायक भाया की प्रमुख मांगें:- भाया ने प्रषासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से पानी के टैंकरों की व्यवस्था शुरू की जाए। सभी पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा कर सुचारू एवं नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब पड़ी पाइपलाइनों एवं लीकेज की त्वरित मरम्मत करवाई जाए। जल स्रोतों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल लागू की जाएं, हैण्डपम्प व ट्यूबवेलों को तुरन्त दुरूस्त करवाया जावे तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए।
विधायक भाया ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और आमजन को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई, तो वे जनभावनाओं के अनुरूप जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है।
—
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




