बारां। जिला स्तरीय जनसुनवाई और जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में गुरुवार को राजीव गांधी सेवा केन्द्र, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुई। जिसमें उन्होंने संवेदनशीलता के साथ परिवादियों की समस्याएं सुन उन्हें त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपखंड अधिकारी भी जुड़े।
बैठक में जिला कलक्टर जनागल ने कहा कि समिति में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जांच से संबंधित प्रकरणों में भी समय का ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया तथा निस्तारण संबंधी तथ्यात्मक जवाब प्रेषित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अगली जनसुनवाई में निस्तारण से शेष रहे प्रकरणों में निर्धारित समयावधि में जांच पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान अतिक्रमण हटाने के, गंदे पानी की निकासी, सीमा ज्ञान, रास्ता खुलवाने, जमीन विवाद सहित भूमि अवाप्ति का मुआवजा आदि के परिवादों की सुनवाई करते हुए सात नए प्रकरणों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। साथ ही पुराने मामलों में प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में एसडीएम विश्वजीत सिंह, महिला अधिकारिता उप निदेशक दुर्गाशंकर मीणा, सीएमएचओ संजीव सक्सेना, नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा, सीडीईओ गैंदालाल रैगर, सहायक निदेशक जनसंपर्क योगेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




