बारां। जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण व मकानों की गणना के लिए प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 16 से 18 अप्रैल एवं 20 से 22 अप्रैल का उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के कार्यालय में शुभारम्भ किया गया।

जिला कलक्टर जनागल ने फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए अपना शत-प्रतिशत देकर कार्य करे तथा आंकड़ों की शुद्धता एवं सत्यता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि की संभावना ना रहे एवं अधिक से अधिक संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन को स्वगणना के लिए प्रेरित एवं जागरूक करें।
जनगणना कार्य निदेशालय से नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स विश्वनाथ प्रताप गुर्जर एवं संदीप बुगालिया द्वारा सभी फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करते हुए बताया कि जनगणना के संपूर्ण कार्य का प्रबंधन एवं निगरानी सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। सैटेलाइट इमेजनरी के आधार पर ब्लॉकों का सीमा निर्धारण भी एचएलबीसी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही आंकड़ों के संग्रहण व जांच के लिए डिजिटल एप का प्रयोग होगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला जनगणना अधिकारी रामप्रसाद बैरवा एवं जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नियुक्त जिला समन्वयक निशा मीणा तथा जिला स्तर पर जनगणना कार्य का संपादन के लिए नियुक्त जितेन्द्र कुमार मीणा, सहायक प्रोग्रामर एवं जिला जनगणना सेल के कार्मिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




