बारां। जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक बुधवार को कार्यवाहक जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में उर्वरक की मांग, आवंटन एवं आपूर्ति तथा वैकल्पिक उर्वरकों का उपयोग बढ़ाने पर चर्चा सहित अन्य संबंधित विषयों पर विचार विमर्श किया गया।

मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में जनागल ने फर्टिलाइजर उत्पादक कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि अभी से मांग के अनुसार कार्य योजना बनाकर उर्वरक आपूर्ति का प्रबंधन सुनिश्चित करें। साथ ही उर्वरक वितरण की योजना का बिना अनुमोदन कहीं भी वितरण नहीं किया जाए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को उर्वरक कंपनियों एवं सहकारिता विभाग के साथ समन्वय रखते हुए उर्वरक वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने, वैकल्पिक जैविक उर्वरकों के प्रति किसानों को जागरूक करने के प्रभावी उपाय करने एवं उनके उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषकों को पराली जलाने के नुकसानों से आगाह करते हुए जैविक उर्वरकों के फायदे बताए जाएं।

बैठक में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक आनन्दी लाल मीणा ने बताया कि वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है, लेकिन वैकल्पिक उर्वरक अपनाने के लिए भी कृषक गोष्ठियों व अन्य माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने मौजूदा एवं प्रस्तावित बुवाई क्षेत्र, उपलब्धता एवं उर्वरक की अनुमानित मांग के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर जनागल ने धरती माता बचाओ अभियान के तहत कृषकों को जागरूक करने के लिए उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों, कम्पनी व खाद-बीज विक्रेता प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। बैठक में कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ उर्वरक आपूर्ति कम्पनी सीएफसीएल, आईपीएल, एचयूआरएल, इफको, एनएफएल के प्रतिनिधियों व स्थानीय खाद बीज विक्रेताओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




