10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का हुआ शुभारंभ
बारां। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का उद्घाटन गुरूवार को शहर में फल मंडी के सामने राजकीय पीजी कॉलेज के पीछे स्थित अग्रवाल सेवा सदन में हुआ। शिविर 31 जनवरी तक चलेगा।
आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक वीरेंद्रकुमार सोहाया ने बताया कि शिविर में मुख्य अतिथि उप जिला प्रमुख छीतरलाल पारलिया थे। अध्यक्षता भाजपा जिला महामंत्री महावीर सिंह हाड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. जितेंद्र सिंह हाड़ा, सर्जन डॉ. कौशल गौतम व डॉ. गोविंद मीणा व डॉ. अजय नागर थे।
मुख्य अतिथि पारलिया ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति का वर्चस्व होने के बावजूद भारतीय प्राचीन चिकित्सा पद्धत्तियों का महत्व कम नहीं हुआ है। कई असाध्य बीमारियों का इलाज आज भी भारतीय चिकित्सा पद्धत्तियों से संभव है। केंद्र व राज्य सरकार आयुर्वेद सहित भारतीय प्राचीन चिकित्सा पद्धत्तियों को बढ़ावा दे रही है। हाड़ा ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व अतिथियों ने आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरी की पूजा-अर्चना की।

उपनिदेशक सोहाया ने बताया कि शिविर में पाइल्स, फिशर व भगंदर के रोगियों का आयुर्वेद पद्धति क्षारसूत्र द्वारा ऑप्रेशन किया जायेगा। इसके अलावा शिविर में जटिल रोग जैसे प्रमेह, डायबीटीज, उच्च रक्तचाप, बीपी, चर्म रोग, जोड़ों के रोग, गठिया, घुटने व कमर दद,र् पेट की बीमारियां, बाल रोग, स्त्री रोग, श्वांस रोग आदि रोगों का पंचकर्म, अग्निकर्म, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा द्वारा परामर्श देकर उपचार किया जाएगा। परामर्श व उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जायेगा। औषधि वितरण निशुल्क किया जाएगा तथा पांच वर्ष तक के बच्चो को स्वर्ण प्राशन भी करवाया जायेगा।
शिविर प्रभारी डॉ. कमलेश कंवरिया ने बताया कि शिविर में परामर्श का समय प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसमें महिला रोगियों के लिए अलग वार्ड व महिला डॉक्टर की व्यवस्था की गई है। शिविर में भर्ती होने वाले रोगियों को रहने, खाने और औषधि की व्यवस्था निशुल्क की जा रही है। रोगियों का रजिस्ट्रेशन नजदीक के आयुर्वेद औषधालय में अथवा शिविर स्थल पर किया जा रहा है।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




