बारां। भारतीय सांस्कृतिक निधि वराह नगरी बारां अध्याय द्वारा 31 अगस्त से 1 सितम्बर तक आयोजित होने वाले दो दिवसीय नेशनल एनवायरमेंट सिंपोजियम का उद्घाटन इंटेक नई दिल्ली के वाइस चेयरमैन प्रोफेसर सुखदेव सिंह करेंगे। इंटेक एडवाइजरी कमेटी बारां के चेयरमैन विष्णु साबू ने बताया कि यह पहला मौका होगा, जब इंटेक नई दिल्ली के वाइस चेयरमैन स्तर के अधिकारी हाड़ौती संभाग में किसी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंटेक बारां चैप्टर द्वारा आयोजित नेशनल एनवायरमेंट सिंपोजियम में पूरे देश भर के पर्यावरण संरक्षण में लगे हुए हैं। अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरण संरक्षण विशेषज्ञ, पर्यावरण अन्वेशक, पर्यावरण कार्यकर्ता, पर्यावरण क्षेत्र में काम करने वाले वैज्ञानिक, शोधकर्ता व सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।

जिसमें द डेली पायनियर नई दिल्ली के चीफ एडीटर ज्ञानेश्वर दयाल, मैग्सेसे पुरस्कार प्राप्त वाटरमेन डॉ. राजेंद्र सिंह व अन्य ख्यातनाम सामाजिक कार्यकर्ता मुख्य रूप से सहभागियों के लिए विशेष रूप से उद्बोधन देंगे। इंटेक चैप्टर की कार्यकारिणी के सदस्य देवेन्द्र अदलक्खा ने बताया कि यह आयोजन देश में काफी समय बाद आयोजित होगा। जिससे पर्यावरण संरक्षण विशेषज्ञ देश की पर्यावरण नीति नियमों की समीक्षा करने हेतु एकत्रित हो रहे हैं। सिम्पोजियम में दो दिवसीय राष्ट्रीय चिन्तन के बाद पर्यावरण संरक्षण वन अभ्यारण्य क्षेत्र की नई पालिसी का प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय नई दिल्ली को भेजा जाएगा।
इसके अलावा इस मसौदे को देश भर के सभी संसद सदस्यों द्वारा अनुमोदन हेतु भी प्रेषित किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि इस आयोजन के प्रथम दिन उदघाटन सत्र में मुख्य अतिथि ज्ञानेश्वर दयाल एडिटर द डेली पायनियर नई दिल्ली होंगे वहीं मुख्य वक्ता मैग्सेसे अवॉर्ड प्राप्त डॉ. राजेंद्र सिंह होंगे। कार्यक्रम के इस सत्र में अध्यक्षता समाजसेवी भामाशाह और उद्योगपति और चेयरमैन इंटेक एडवाइजरी कमेटी बारां के अध्यक्ष विष्णु कुमार साबू द्वारा की जाएगी। बारां नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और समाजसेवी भामाशाह जयनारायण हल्दिया विशिष्ट अतिथि होंगे। सत्र का संचालन जितेन्द्र कुमार शर्मा कन्वीनर भारतीय सांस्कृतिक निधि वराह नगरी बारां अध्याय द्वारा किया जाएगा। दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण कार्यकर्ता रोबिन सिंह उत्तरप्रदेश भाग लेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में लायंस क्लब श्रीजी के संरक्षक कुंज बिहारी नागर, भोज शोध संस्थान धार के निदेशक डॉ. दीपेन्द्र शर्मा, मुरैना के इंटेक कन्वीनर अशोक कुमार शर्मा सहभागिता करेंगे। इस सत्र में डॉ. राधेश्याम गर्ग आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ अध्यक्ष होंगे वहीं कोटा चम्बल संसद के संयोजक और शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति बारां के संरक्षक बृजेश विजयवर्गीय पत्रवाचन करेंगे। इसी सत्र में सरायपाली छत्तीसगढ़ के यशवंत चौधरी भी अपना पत्रवाचन करेंगे। पत्रवाचनों का विषय क्रमशः ‘शाहबाद जंगल के विविध उपादानः ईको टूरिज्म की संभावनाएं और उनकी निरंतरता में खतरे’ तथा ‘भारत में कम होती जा रही वनों की प्रतिशतताः कारण और निवारण’ होगा। इस दूसरे सत्र में यंग इंटेक कन्वीनर कुमार शामी द्वारा सत्र संचालन किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि इस सिंपोजियम में इसी दोपहर 1ः30 पर पत्रकार वार्ता का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें इलेक्ट्रानिक मीडिया और प्रिंट मीडिया के सभी संवाददाताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




