उल्लास और उमंग के बीच होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
बारां। देश की स्वाधीनता का उत्सव शुक्रवार को जिलेभर में उल्लास और उमंग के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर मनाया जाएगा। स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह कृषि उपज मण्डी समिति प्रांगण में आयोजित किया जाएगा जिसमें तिरंगे को सलामी देते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण करने के उपरांत मार्चपास्ट की सलामी ली जाएगी। परेड में आरएसी के सशस्त्र बल सहित राजस्थान पुलिस, गृह रक्षा दल व स्काउट गाइड की टुकड़ियां शामिल रहेगी, जो पुलिस ब्रास बैण्ड की मधुर धुन के साथ कदमताल करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सामने से गुजरकर सलामी देंगे।
कार्यक्रम में प्रातः 9ः15 बजे एडीएम दिवांशु शर्मा महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 9ः45 बजे सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन (पीटी कार्यक्रम), प्रातः 10ः00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा प्रशंसा पत्रों का वितरण, प्रातः 10ः35 बजे मुख्य अतिथि का उद्बोधन, प्रातः 10ः45 बजे स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, प्रातः 11ः30 बजे राष्ट्रगान एवं कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिवार का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, समाजसेवी और आमजन शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे खेल संकुल में वालीबॉल व रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




