बारां। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर रचनात्मक, सांस्कृतिक और जन-संवेदनशीलता के कार्यक्रम आयोजन किए जा रहे है। जिला प्रशासन के निर्देशन में चल रहे इन आयोजनों का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, एकता व गौरव की भावना को जाग्रत करना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को नगर निकाय क्षेत्रों एवं ग्रामीण अंचलों में स्कूली बच्चों, युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से तिरंगा यात्रा निकाली गई। अभियान में पुलिस विभाग की ओर से मंगलवार को जिला मुख्यालय पर तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी। एएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि रैली मिनी सचिवालय से सुबह 11 बजे प्रारंभ होगी जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कृषि उपज मण्ड़ी पहुंचकर समाप्त होगी।

रैली में पुलिस जवान, सरकारी कार्मिक, समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि व आमजन भाग लेंगे। कार्यक्रम की श्रंखला में इसी दिन सभी नगर निकाय क्षेत्रों में तिरंगा थीम पर आधारित उत्पादों जैसे भोजन सामग्री, वस्त्र, श्रृंगार आदि की बिक्री को प्रोत्साहित किया जाएगा। स्थानीय बाजारों में तिरंगा प्रकाश और सजावट की जाएगी। बुधवार को राजकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों, डेम और पुलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




