बारां। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) रोहिताश्व सिंह तोमर एवं सीईओ व नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में राजकीय कन्या महाविद्यालय में स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत ईएलसी सदस्यों ने तिरंगा थीम पर आकर्षक रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। स्वीप कार्यक्रम प्रभारी अमित भार्गव ने बताया कि 5 अगस्त से प्रारंभ हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हैं। उन सब का भौतिक सत्यापन करने के लिए बीएलओ द्वारा गणना फॉर्म प्रत्येक मतदाता से भरवाया जा रहा है। मतदाता को गणना प्रपत्र भरने के लिए एक रंगीन फोटो व आवश्यक दस्तावेज लगाने है। गणना के लिए 2002 की मतदाता सूची को आधार माना गया है। वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट को निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन देखा जा सकता हैं।
प्रत्येक मतदाता को अपना गणना फॉर्म भरना आवश्यक है। गणना के लिए मतदाताओं को आयु वर्ग के अनुसार चार श्रेणी में बांटा गया है। प्रथम श्रेणी में ऐसे मतदाता जिनका नाम वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट में मौजूद है उन्हें गणना प्रपत्र पर अपना नवीनतम फोटो लगाना है तथा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज शामिल नहीं करना हैं। वहीं दूसरी श्रेणी में ऐसे मतदाता जिनका नाम वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट में नहीं हैं। यदि जन्म तिथि 1 जुलाई 1987 से पहले की है तो फोटो के साथ एक निर्धारित पहचान पत्र लगाना होगा। तीसरी श्रेणी में ऐसे मतदाता जिनका जन्म 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 तक के मध्य हुआ हैं। तो स्वयं का कोई एक निर्धारित पहचान पत्र व पिता या माता में से किसी एक का पहचान पत्र, चौथी श्रेणी में ऐसे मतदाता जिनका जन्म 2 दिसंबर 2004 के बाद का हैं। तो एक स्वयं का पहचान पत्र साथ में पिता एवं माता का भी एक-एक पहचान पत्र देना होगा। तीसरी और चौथी श्रेणी के ऐसे मतदाता जिनके माता-पिता का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज है तो ऐसे मतदाता को सिर्फ स्वयं का पहचान पत्र भी संलग्न करना हैं।

इससे वोटर लिस्ट में नाम की प्रामाणिकता हो जाएगी। गणना फॉर्म निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी स्वयं मतदाता द्वारा भरा जा सकता है। कार्यक्रम में मतदाता सूची में नवमतदाताओं के शत प्रतिशत पंजीयन के लिए विद्यार्थियों व नवमतदाताओं को प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड करवाया एवं नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए घर बैठे वोटर हेल्पलाइन एप या निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर फॉर्म 6 के तहत मतदाता सूची में पंजीयन करने व फॉर्म 6 बी द्वारा ईपिक को आधार से लिंक करने एवं फॉर्म 8 से वोटर आईडी में किसी भी प्रकार के संशोधन को ऑनलाइन प्रक्रिया से करने की जानकारी दी गई। अब आधार तिथि 1 जनवरी को जो युवा 18 वर्ष के हो गए हैं। वह मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। प्राचार्य संजय कुमार मेहता ने विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना पंजीयन कराने एवं विशेष ग्रहण पुनरीक्षण अभियान में गणना फॉर्म भरने के लिए अपने परिचित जनों से प्रचार प्रसार करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान ईएलसी कोऑर्डिनेटर अजय कुमार मीणा, सहायक प्रभारी परमेश्वर जाट, सैयद इमरान अली, स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी एवं गणमान्य जन मौजूद रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




