साफ-सफाई, जलभराव और बारिश से हुए गड्ढ़ों के त्वरित समाधान के निर्देश
बारां। बारां शहर में मानसूनी बारिश के बाद उत्पन्न समस्याओं व जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर दिवांशु शर्मा ने गुरुवार को सघन निरीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव, सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई और ओवरब्रिज निर्माण कार्यों के चलते हो रही असुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में उनके साथ जिला परिषद एक्सईएन भुवनेश मीणा, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन डी.एन. महावर, एईएन आकाश बुटोलिया, एपीआरओ मोहन लाल, जेईएन मानसिंह मीणा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम शर्मा ने एनएच-27 फॉरेस्ट नाले के पास झुके हुए बिजली के पोल को देखकर अधीक्षण अभियंता को तुरंत सुधार कार्य के निर्देश दिए। नारेड़ा रोड पुलिया के पास भारी जलभराव की स्थिति पर उन्होंने उचित समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा। इसी क्रम में झालावाड़ रोड स्थित सहरिया आश्रम छात्रावास व सेठ मोतीलाल रामस्वरूप राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर आसपास हो रहे जलभराव की समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्कूल, छात्रावास व आवासीय क्षेत्रों में जलभराव, सफाई व अतिक्रमण जैसी समस्याओं को नजरअंदाज न किया जाए और उन्हें प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। ओवरब्रिज निर्माण कार्यों के चलते सड़कों पर हो रहे गड्ढों को लेकर उन्होंने नगर परिषद को सख्त निर्देश दिए कि इन स्थानों पर तुरंत बेरिकेटिंग की जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने बालाजी नगर, अंजुमन चौराहा, मेला ग्राउंड, मांगरोल बाईपास, अंबेडकर सर्किल, शिवाजी नगर, आदर्श नगर, दुर्जनपुरा, आमापुरा, मेलखेड़ी रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नटराज नगर आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर जलनिकासी, सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति और सड़कों की मरम्मत को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तलावड़ा रोड और ब्रह्म नगरी के बीच में खुदी हुई नई सड़क को देखकर एडीएम ने वाहन रुकवाया, स्थिति की जानकारी ली और तत्काल गड्ढे को भरवाया। उन्होंने बिना अनुमति सड़क को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों को समाधान के लिए निर्देशित किया।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




