बारां। हाडौती संभाग के चारों जिलों कोटा, बून्दी, बारां एवं झालावाड़ में अतिवृष्टि के कारण किसानों को हुए नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा उपलब्ध करवाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पूर्व मंत्री प्रमोद भाया ने पत्र लिखा है। कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि पत्र में अवगत करवाया गया है कि इस वर्ष माह जुलाई तक मानसून की अभूतपूर्व वर्षा पूरे राज्य में हुई हैं। परन्तु हाडौती संभाग के चारों जिलो यथा-कोटा, बून्दी, बारां एवं झालावाड़ में अतिवृष्टि हुई है। यह चारों जिले पूर्णतया कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले जिले हैं।

यहां के लोगों की जीविका का मुख्य आधार ही कृषि है। लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण लगभग 60-70 प्रतिशत किसान भाई तो अपने खेतों में बुवाई ही नही कर पाएं। जिन 30-40 प्रतिशत किसान भाईयों ने बुवाई की उनकी बुवाई अतिवृष्टि के कारण गल गई। कई किसानों ने दूसरी व तीसरी बार भी फसल की बुवाई की हैं। परन्तु वह भी अतिवृष्टि के कारण गल गई। लगभग सभी जिलों के किसानों के खेतों में पानी भरा हुआ है। भाया ने पत्र में लिखा कि अतिवृष्टि की इस विषम परिस्थिति के कारण किसानों को सम्बल दिया जाना बहुत ही आवश्यक हो गया है। भाया ने मुख्यमंत्री से हाडौती संभाग के चारों जिलों में विस्तृत सर्वे करवाया जाकर किसानों को शीघ्र से शीघ्र मुआवजा दिलवाए जाने की मांग की गई ताकि उनको हुए भारी नुकसान की भरपाई हो सके और किसान भाई जिन्दा रह सके।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




