बारां। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मिनी सचिवालय सभागार में एडीएम दिवांशु शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में ओमनी एवं ऑटो जैसे बालवाहिनियों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाए जाने की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई गई। इस पर परिवहन विभाग को ऐसे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। कॉलेज क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव को देखते हुए, जिला रोल आउट मैनेजर ने वहां स्पीड ब्रेकर निर्माण की आवश्यकता जताई। इस पर एडीएम ने नगर परिषद को विभागीय मानदंडों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराने के निर्देश दिए।

एनएच-27 पर कैलवाडा, समरानिया एवं भंवरगढ़ क्षेत्र में पुलियाओं के एप्रोच बैठ जाने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए परियोजना निदेशक एनएचएआई ग्वालियर को मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए गए। इसी मार्ग पर शाहाबाद घाटी में हो रहे भूस्खलन को रोकने हेतु अतिरिक्त लाइन निर्माण का प्रस्ताव भेजने, ऊनी गांव के पास डायवर्जन को सुव्यवस्थित करने एवं पुलिस लाइन पुलिया पर स्लिप लेन निर्माण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बारां शहर में प्रथम प्रवेश पुलिया के पास गड्ढों को भरवाने तथा पलायथा के पास एनएचएआई भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाने हेतु परियोजना निदेशक एनएचएआई कोटा को निर्देशित किया गया।
अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलियाओं की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया। भंवरगढ़ से नाहरगढ़ मार्ग पर बरनी नदी स्थित पुलिया की शीघ्र मरम्मत हेतु सा.नि.वि. शाहाबाद खंड को निर्देश दिए गए। फवाई चायपास क्षेत्र में सड़क निर्माण के उपरांत बची भूमि पर पौधारोपण करवाकर अतिक्रमण रोकने हेतु सा.नि.वि. बारां को निर्देश दिए गए। वहीं टोल गेट निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन एवं प्रस्ताव तैयार करने के लिए तहसीलदार अटरू को निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा, एसई राजवीर सिंह चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




