पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने किया झालावाड़ का दौरा, दाह संस्कार में हुए शामिल
दुर्घटना स्थल का लिया जायजा, मृतक बच्चो के परिजनों के घर जाकर की संवेदना व्यक्त व घायलों की कुशलक्षेम पूछी
बारां। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने शनिवार को झालावाड़ का दौरा कर मृतक बच्चों के दाह संस्कार में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक बच्चों के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया। पूर्व मंत्री भाया अस्पताल में भर्ती बच्चों से मिलने भी पहुंचे तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान भाया ने आरोप लगाया कि झालावाड़ जिला प्रशासन द्वारा दाह संस्कार जल्द बाजी में करवाया गया है। परिवार के लोग कहते रहे कि उनके रिश्तेदार आ रहे हैं। फिर भी इंतजार नहीं किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि लकड़ी के अभाव में टायर व डीजल का इस्तेमाल कर आनन-फानन में हिंदू रीति रिवाज के खिलाफ अंतिम संस्कार किया जाना प्रशासन का घोर अमानवीय कृत्य है। भाया ने जारी बयान में कहा कि झालावाड़ जिला प्रशासन द्वारा स्कूल की बिल्डिंग को तोड़ कर जमीदोज किया जाना सबूत मिटाने का प्रयास है। उनको गांव के लोगों ने बताया था कि स्कूल जर्जर था। उस दिन भी बच्चों पर कंकड़ गिर रहे थे। उसके बावजूद अध्यापकों ने बच्चों को डांटकर अंदर बिठाया था। भाया ने इन तीनों पहलूओं की न्यायिक जांच कराई की मांग की। भाया ने कहा कि एक तरफ सरकार अहमदाबाद प्लेन हादसे में मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रूपए तक का मुआवजा देती है और दूसरी तरफ सरकार की लापरवाही से मृत एससी, एसटी व ओबीसी के गरीब आदिवासी बच्चों को केवल 10 लाख के मुआवजे की घोषणा कर रही है।

यह सरकार का दोहरा चरित्र प्रकट करता है। पूर्व मंत्री भाया ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस घटना के मृत पीड़ितों को मुआवजा स्वरूप 1 करोड़ रुपए, गंभीर घायलों को 10 लाख रुपए और परिजनों को नौकरी दी जानी चाहिए। साथ ही पूरे राजस्थान में अभियान चलाकर सर्वे कराया जाए। जिसमें जर्जर सरकारी स्कूल भवनों को चिन्हित कर बच्चों को सुरक्षित दूसरी इमारत शिफ्ट कर शिक्षण कार्य करासया जाए। दौरे में कांग्रेस कमेटी झालावाड़ जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक.मीनाक्षी चंद्रावत, विधान सभा प्रत्याक्षी मनोहर थाना नेमीचंद मीना, पीसीसी सेक्रेटरी देवकीनंदन वर्मा, पीसीसी मेंबर डॉ.सिद्दिक गौरी, रिको अध्यक्ष झालरापाटन राजेंद्र शमा, एनएसयूआई पूर्व अध्यक्ष महेंद्रप्रताप सिंह झाला, मनोहर थाना ब्लॉक अध्यक्ष पोरस साहू, मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र मेरोठा, एनएसयूआई पूर्व अध्यक्ष वसीम अकरम, सेवादल जिलाध्यक्ष नंदसिंह राठौर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्षा शर्मा, जिला महासचिव आमिर खान, प्रवक्ता ओम पाठक, अकलेरा नगर पालिका के पूर्व चेयरमेन बालचंद व झालावाड़ के मनीष शुक्ला, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव कमलेश खंगरावत, ब्लॉक अध्यक्ष झालरापाटन इम्तियाज खान, कासिम खान व खालिद खान आदि शामिल थे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




