भेड़ पालकों को त्रिपाल, छाता, टिफिन बॉक्स और मेडिकल किट की वितरित
बारां। संभागीय आयुक्त राजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिले में प्रवास पर आए भेड़ पालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने भेड़ पालकों के मवेशियों की सुरक्षा, भारी बारिश में कठिनाइयां, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं व आवागमन से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भेड़ पालकों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें राहत पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। संभागीय आयुक्त ने सीएसआर के माध्यम से मौके पर ही 25 भेड़ पालकों को त्रिपाल, छाता, टिफिन बॉक्स और मेडिकल किट वितरित की। जिससे उन्हें उनके दैनिक जीवन में उपयोगी सहायता प्राप्त हो सके। सामग्री वितरण से लाभान्वित भेड़ पालकों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एडीएम दिवांशु शर्मा, एएसपी राजेश चौधरी, पशुपालन विभाग से संयुक्त निदेशक डॉ. सुबोध माटे, अतिरिक्त निदेशक डॉ. गणेश नारायण, उपनिदेशक डॉ. सतीशचन्द एवं डॉ. गिरिश, सीडीईओ गैंदालाल रैगर सहित भेड़ पालक समुदाय के प्रतिनिधि मेघराज राईका एवं अन्य भेड़ पालक उपस्थित रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




