बारां। गुरु-शिष्य परंपरा के प्रतीक पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुवार को शहर के मेलखेड़ी रोड स्थित काठिया बाबा आश्रम में महोत्सव का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया और अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में आचार्य परमानंद को इस अवसर पर राजकीय सम्मान प्रदान किया गया। महोत्सव के शुभारंभ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित जनसमूह ने आहुति देकर अपने जीवन में सद्गुणों और सकारात्मकता के संकल्प लिए। आश्रम परिसर मंत्रमुग्ध वातावरण से गूंज उठा और भक्तों में अध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। आचार्य परमानंद ने इस अवसर पर काठिया बाबा के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि कैसे बाबा काठिया का आगमन बारां में हुआ, उन्होंने जनकल्याण और आध्यात्मिक उत्थान के लिए अनेक कार्य किए। बाबा के सादगीपूर्ण जीवन, लोकसेवा भावना आध्यात्मिक साधना को आज भी श्रद्धा से स्मरण किया जाता है। उन्होंने युवाओं को गुरु परंपरा की महत्ता समझाने के साथ आत्मचिंतन व साधना की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भेजा गया शुभकामना पत्र भी पढ़ा गया। जिसमें मुख्यमंत्री ने गुरु परंपरा की महत्ता पर बल देते हुए आचार्य परमानंद के योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में काठिया बाबा आश्रम द्वारा समाज में किए जा रहे अध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में और अधिक जनसेवा की कामना की।
इस दौरान आश्रम पर गोमाता को चूरमा का भोग लगाया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को पंचामृत का विशेष प्रसाद वितरित किया गया। इस पावन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बैरवा, नगर अध्यक्ष ओपी पारेता, प्रधान मोरपाल सुमन, भाजपा नेता महावीर नामा, लोकेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आचार्य को उनके योगदान के लिए सम्मानित करते हुए उनके मार्गदर्शन में समाज को सही दिशा देने की कामना की। आश्रम प्रबंधन की ओर से आगंतुकों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्तिभाव, श्रद्धा व सांस्कृतिक समरसता की अनोखी झलक देखने को मिली।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




