1 जुलाई से 30 सितंबर तक होगा आयोजित
बारां। सचिव, वित्तीय सेवाएं विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार, वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के सशक्त क्रियान्वयन हेतु 1 जुलाई से 30 सितंबर तक एक देशव्यापी विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अग्रणी बैंक प्रबंधक जनवेद मीना ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत वर्तमान निष्क्रिय खातों का पुनः सत्यापन किया जाएगा तथा नए खाते खोले जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के अंतर्गत अधिकाधिक नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के सफल संचालन हेतु जिला अग्रणी प्रबंधक को सभी बैंकों के साथ समन्वय, पर्यवेक्षण शिविरों का निरीक्षण करने तथा प्रगति की निगरानी करने का दायित्व सौंपा गया है। इस कार्य में सहयोग हेतु आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत समस्त संयुक्त निदेशक, उप निदेशक, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारियों को एतद् द्वारा नामित किया गया है। जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्राधिकार में इस अभियान के सफल संचालन हेतु जिला अग्रणी प्रबंधक, सभी बैंकों और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे, पर्यवेक्षण करेंगे और जिला व ब्लॉक स्तर पर अभियान की समग्र निगरानी करेंगे। साथ ही, नामित अधिकारीगण अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों का निरीक्षण करेंगे तथा जिला स्तरीय अधिकारी अपने जिले की संबंधित जानकारी, प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर आयोजना (संस्थागत वित्त) विभाग को प्रेषित करेंगे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




