बारां । भारतीय किसान संघ ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर जिले में डीएपी खाद की पर्याप्त आपूर्ति की मांग की है। साथ ही केंद्रीय नीति आयोग द्वारा जारी किए वर्किग पेपर के विरोध में व कृषि मंत्री द्वारा पकड़े गए नकली खाद बीज माफियाओं पर भी कड़ी कार्यवाही की मांग के ज्ञापन प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम दिये है। प्रतिनिधी मंडल ने प्रधानमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में सरकार को नीति आयोग द्वारा अमेरिका से कृषि व्यापार बढ़ाने के सुझाव पर विरोध जताया है। प्रतिनिधिमंडल ने डीएपी खाद की कमी से जूझ रहे किसानों की समस्या के समाधान के लिए संयुक्त निदेशक कृषि व डीएसओ से मिलकर भी चर्चा की गई।
किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि डीएपी किल्लत के चलते बारां जिले के किसान कोटा जिले से खाद ला रहे हैं। गौरतलब है कि जिले में काफी रकबे में धान की रोपाई होती है। इसके रोपाई के समय डीएपी देना होता है। खाद न मिलने से किसान काफी परेशान हैं। वर्तमान में चल रही बिजली की समस्या का समाधान करने समेत कृषि सीजन में समय से पूर्व बिजली तंत्र में सुधार की भी मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में बारां तहसील अध्यक्ष भोजराज यादव के नेतृत्व में प्रांत अध्यक्ष शंकरलाल नागर, जिला उपाध्यक्ष बंशीलाल डाबरी, संभाग मंत्री भूपेंद्र शर्मा, तहसील मंत्री राजेंद्र बैरवा व बनवारीलाल नागर, रामकिशन सुमन, सुमित नागर, महेश नागर आदि शामिल थे ।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




