शिविरों में पहले दिन 12 हजार से अधिक ग्रामीण हुए लाभान्वित
बारां । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे है। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार ’शिविरों में राजस्व, जलदाय, पशुपालन, आयुष्मान, कृषि, शिक्षा, आदि विभागों की योजनाओं से ग्रामीणों को लाभांवित किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन 12710 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों के 42 नामान्तरण प्रकरण, एक भूमि पैमाईस, 11 सीमाज्ञान, पांच भूमि विभाजन, 8 रास्ते खोले, एक भूमि आवंटन, एक अपरिवर्तित भूमि, 3487 हरियालो राजस्थान के तहत पौधे लगाए, 28 बीपीएल परिवारों का सत्यापन, 465 स्वामित्व कार्ड का वितरण, 87 जल स्वावलंबन के कार्य स्वीकृत, 13 मनरेगा के कार्य स्वीकृत, 20 वर्षा जल संरक्षण के कार्य स्वीकृत, 1927 सामाजिक पेंशन सत्यापन, 484 पशु टीकाकरण, 1683 पीएमजेएवाई ईकेवाईसी, 53 खाद्य सुरक्षा, 199 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण एवं 28 बिजली के झूलते तारों को दुरस्त किया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर लंबित पत्थरगढ़ी सीमाज्ञान प्रकरणों का निस्तारण, लीकेज की मरम्मत और जल-दबाव जांच, लंबित नामान्तरणों का निस्तारण, नहरों के पटरों की सफाई एवं मरम्मत करना, लंबित कुर्रेजात रिपोर्ट तैयार करना, नर्सरियों से पौधा वितरण करना, रास्तों के प्रकरणों का निस्तारण, मृदा नमूनों का संग्रहण एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण करना, आपसी सहमति से बंटवारा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना हेतु गांवों के बीपीएल परिवारों का सर्वे, मंगला पशु बीमा में रजिस्टर्ड पशुओं का हेल्थ सर्टिफिकेट और पॉलिसी जनरेट करना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना में बीपीएल परिवारों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने हेतु आवेदन, स्वामित्व पट्टे बनाना एवं वितरण करना, पानी की टंकियों की साफ-सफाई करवाना, लंबित नल कनेक्शन जारी करना, पशुओं की जांच, इलाज और टीकाकरण, एनएफएसए लंबित प्रकरणों का निस्तारण, आयुष्मान कार्ड वितरण करना, विद्यालयों में प्रवेशोत्सव आयोजित कर नामांकन बढ़ाना, झूलते तार और विद्युत पोल सही करवाना जैसे कार्य किए जाएंगे।
यहां होगा शिविरों का आयोजन
इस पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभ दिलाने के लिए शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। बराना, इकलेरा, रातड़िया, बालाखेड़ा, किशनपुरा, बापचा, भूलोन, सेतकोलू, बमोरीघाटा, कनोटिया, सकतपुर, केलवाड़ा, गणेशपुरा, बैंठा, शोभागपुरा, करवरीकलां और सुंवास में आयोजित किए जाएंगे।
द्रौपदी बाई को मिला त्वरित पेंशन लाभ
जिला कलक्टर के निर्देश पर शिविर प्रभारी एवं नायब तहसीलदार संदीप वर्मा के नेतृत्व में रटावद में आयोजित शिविर में द्रौपदी बाई ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। विभागों के समन्वित प्रयास और तेजी से कार्य निष्पादन की भावना के साथ, उनका आवेदन मौके पर ही तहसील कार्यालय द्वारा स्वीकृत किया गया। यही नहीं, पंचायत समिति से सेक्शन ऑर्डर भी तत्काल जारी कर दिया गया और पेंशन पेमेन्ट ऑर्डर उन्हें उसी समय सौंप दी गई। द्रौपदी बाई को एक ही दिन में आवेदन से लेकर लाभ मिलने तक की संपूर्ण प्रक्रिया का लाभ मिला, इसी प्रकार ग्राम पंचायत कलमण्ड़ा में अनिल कुमार को वर्षों से लंबित जमीन से जुड़ी समस्या का निस्तारण एवं गुड्डी बाई यादव को मौके पर ही स्वामित्व योजना के तहत पट्टा जारी हुआ। यह जो कि शासन की ‘सेवा संवेदनशीलता और समाधान’ की नीति का उत्कृष्ट उदाहरण है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अब त्वरित, पारदर्शी और लाभकारी रूप में आमजन तक पहुंच रही हैं।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




