आयुर्वेद विभाग ने की तैयारियां तेज, प्रभारी किए नियुक्त
बारां। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिलेभर में धूमधाम से मनाया जाएगां। जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर योग दिवस मनाने के लिए जिला प्रशासन के निर्देशन में आयुर्वेद विभाग की ओर से तैयारियां जोरों पर चल रही है। जिला योग नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार सोहाया ने बताया कि बारा जिले के सभी आठ ब्लाकों, सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर तथा जिला स्तरीय कार्यक्रम बारां में स्टेशन रोड स्थित श्रीराम स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
सोहाया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ’योगः एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम पर मनाया जाना निर्धारित किया गया है।
जिला योग समिति के अध्यक्ष जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने जारी आदेश में कहा कि जिले में इस वर्ष धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर भी योग करने के लिए विभिन्न स्थानों को चिन्हित किया गया है।
डॉ. सोहाया ने बताया कि आमजन को योग के लिए प्रेरित करने और प्रशिक्षण देने के लिए जिला स्तर पर स्वामी विवेकानंद पार्क, सभी ब्लॉक मुख्यालयों तथा सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों,योग एवम प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, जिला आयुर्वेद चिकित्सालय बारा पर एक माह का काउंट डाउन कार्यक्रम 20 मई से चल रहा है। जो 20 जून तक जारी रहेगा।
जिला योग नोडल अधिकारी डॉ. सोहाया ने बताया कि योग दिवस के संदर्भ में सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इसमें जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम श्रीराम स्टेडियम पर, किशनगंज ब्लॉक का धार्मिक पर्यटन स्थल रामगढ़ स्थित क्रेटर के मध्य रेणियो का बाग में, शाहाबाद का नगरकोट माताजी, छीपाबड़ौद में काकोनी स्थित गणेश जी के मंदिर परिसर में तथा अंता में शिवजी के मंदिर परिसर नागदा में व बारां ब्लॉक का बड़ा बालाजीधाम परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा।
जबकि बासथूनी में स्थित महादेवजी की पुरातात्विक छतरियां, छबड़ा स्थित गूगोर माताजी का प्रांगण तथा छबड़ा में ही स्थित पाली मे बीजासन माताजी के प्रांगण मे, सीताबाडी मैदान तथा सभी ग्राम पंचायतो में सभी विद्यालयो पर योग दिवस का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. सोहाया ने बताया कि योग दिवस के कार्यक्रम में सांसद दुष्यंत सिंह, छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी, बारां राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा सहित सभी जनप्रतिनिधि अतिथि रहेंगे। इसी के साथ योग संदेश और योग प्रोटोकॉल को हर घर तक पहुंचाने के लिए पंपलेट वितरण किये जायेंगे। सभी स्थानों पर माइक द्वारा मुनादी करवाई जावेगी तथा ऑटो टीपर द्वारा प्रचार करवाया जावेगा। योग करवाने के लिए नोडल अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ट लिपिक, शारीरिक शिक्षक, योग प्रशिक्षक तथा योग विशेषज्ञ नियुक्त कर दिए गए हैं।
20 को निकालेंगे जागरूकता रेली
डॉ. सोहाया ने बताया कि मंगलवार को डॉ. नारायण निकेड़ी ने सहायक पशुधन सहायक पशु संस्थान गजनपुरा एवं एएनएम प्रशिक्षण केंद्र बारां में योग के बारे में जानकारी दी एवं प्रचार प्रसार किया। वहीं बारां शहर एवं ब्लॉक स्तर पर योगाभ्यास करवाया जा रहा है। वहीं 20 जून को शाम 6 बजे से खेल संकुल से श्रीराम स्टेडियम तक वाया हॉस्पिटल रोड़ योग जागरुकता रैली का आयोजन किया जायेगा।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




