वन एवं जल संरचनाओं का अवलोकन कर ली जानकारी
बारां । वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत शनिवार को जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में जिले के पत्रकारों के दल ने किशनगंज और शाहाबाद क्षेत्र में स्थित जल संरक्षण स्थलों एवं वन विभाग की नर्सरियों का सहायक जनसंपर्क अधिकारी मोहन लाल जयपाल के नेतृत्व में भ्रमण किया। इस मीडिया भ्रमण का उद्देश्य जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, जन सहभागिता आधारित प्रयासों एवं आधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना था। भ्रमण की शुरुआत सम्बलपुर क्षेत्र स्थित वन विभाग की नर्सरी खेरखेड़ी से हुई, जहां पत्रकारों ने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण के लिए तैयार की जा रही नर्सरी की व्यवस्था को देखा।

इसके उपरांत ग्राम पंचायत कुण्डी में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत चारागाह भूमि पर किए गए जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया गया, जहां वर्षा जल को संचित कर उसे पौधारोपण एवं सिंचाई के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। दल ने किशनगंज के मेहरावता गांव में निर्मित एनीकट तथा शाहाबाद क्षेत्र के पक्का चौक डेम का भी अवलोकन किया। यह संरचनाएं स्थानीय किसानों के लिए जल का स्थायी स्रोत बन गई हैं। जिससे कृषि एवं बागवानी में निरंतरता आ रही है। इस दौरान जलग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के अधिशासी अभियंता धीरेन्द्र मीणा ने पत्रकारों को योजनाओं की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत निर्मित संरचनाएं जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका को भी सशक्त बना रही हैं।

उन्होंने बताया कि इन कार्यों के माध्यम से चारागाह भूमि पर हरियाली में वृद्धि हुई है तथा ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति चेतना भी विकसित हो रही है। भ्रमण के दौरान पत्रकार ब्रजेश कलवार, विपिन तिवारी, लक्ष्मी चंद नागर, राजेन्द्र नामा, राम प्रसाद मेहता, योगेन्द मेहता, रामचरण माली, लेखराज शर्मा, सहित अन्य पत्रकार सहित सहायक अभियंता सत्यनारायण मेघवाल, राकेश कुमार बंजारों, वन विभाग के भूपेन्द्र सिंह हाड़ा, सहायक वनपाल पवन सहरिया, वन रक्षक गिरिराज शर्मा, सहायक वनपाल दीनदयाल सहरिया व अन्य विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




