छबड़ा । विधायक व पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी ने परवन पेयजल परियोजना में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित विभाग से परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हाड़ौती क्षेत्र के लाखों लोगों के जीवन से जुड़ी हुई हैं। जिसे लापरवाही का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए। सिंघवी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कोटा, बारां व झालावाड़ जिलों के 1402 गांवों व ढाणियों को स्वच्छ और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जानी है। लेकिन दुर्भाग्यवश विभागीय उदासीनता के कारण यह परियोजना पिछले चार वर्षों से अधर में लटकी हुई है। ग्रामीणजन आज भी नल कनेक्शन की राह देख रहे हैं। गर्मी के इस कठिन दौर में लोग दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं।
यह स्थिति चिंताजनक है, यदि समय रहते परियोजना पूरी नहीं हुई, तो क्षेत्र में जल संकट और गंभीर रूप ले सकता है। परवन पेयजल परियोजना को संबंधित विभाग प्राथमिकता में लेकर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि हाड़ौती अंचल के ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




