बारां। जिले के शाहबाद उपखंड में जंगल को बचाने के लिए शनिवार को शहर के प्रताप चौक पर तीसरे हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का आयोजन शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति बारां ने किया। इस मौके पर राजस्थान के प्रसिद्ध गजलकार विभु विकल ने कहा, “प्राणवायु जीवन का आधार है। शाहबाद का जंगल बारां जिले के लोगों के लिए इसका बड़ा स्रोत है। इसे काटना बड़ा अपराध है।”
समिति संरक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत पाटनी कुन्जेड ने कहा, “जनता की यह आवाज हस्ताक्षर के रूप में विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका तक पहुंचेगी। पूरे विश्व की मानवता के हक में न्याय की मांग की जाएगी।”
पूर्व पार्षद महावीर माथोडिय़ा ने कहा, “शाहबाद राजस्थान के पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाता है। यहां कई वन्य जीव रहते हैं। इसे किसी भी कीमत पर नष्ट नहीं होने देंगे।”

समिति के सदस्य सुनील शाक्यवाल और प्रियांशु सिंह ने बताया कि इस अभियान में जिले भर के पर्यावरण प्रेमियों, समाजसेवियों, मीडियाकर्मियों, बुद्धिजीवियों, ग्रामीणों और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने राजस्थान के कश्मीर कहे जाने वाले शाहबाद को बचाने के लिए हस्ताक्षर किए।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते





