बारां। बारां सदर थाना क्षेत्र के कोयला सीएचसी में पदस्थापित डॉ. वैभव चावला की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 18 मई को पार्वती नदी के पास एक मोटरसाइकिल, कपड़े और मोबाइल मिलने की सूचना पर थाना सदर बारां के थानाधिकारी हीरालाल पूनिया मौके पर पहुंचे। मोटरसाइकिल डॉ. वैभव चावला की निकली। सूचना पर परिजनों को बुलाया गया। तलाशी में पार्वती नदी एनीकट के पास डॉ. चावला की लाश तैरती मिली। पिता ने शव की पहचान की। शव को मोर्चरी में रखवाकर 19 मई को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि पिता की रिपोर्ट पर थाना सदर बारां में मुकदमा नंबर 119/2025 दर्ज किया गया। जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमेन्द्र सिंह शेखावत को सौंपी गई। टीम में थानाधिकारी हीरालाल पूनिया और साइबर सेल को शामिल किया गया।
डॉ. वैभव चावला सीएचसी कोयला में पदस्थ थे। वहीं नर्सिंग ऑफिसर अशोक कुमार वर्मा और हेल्थ सुपरवाइजर शंकरलाल बैरवा भी कार्यरत थे। कुछ माह पहले डॉ. चावला ने अशोक को इंजेक्शन लगाने की बात पर डांटा था। इस पर अशोक नाराज हो गया। बाद में डॉ. चावला के पिता गोपाललाल आर्य ने दोनों में सुलह करवाई। इसके बाद भी अशोक ड्यूटी से गायब रहने लगा। डॉ. चावला ने उपस्थिति रजिस्टर में गैरहाजिरी अंकित की। अशोक उसे काटकर खुद के हस्ताक्षर कर देता था। इस पर डॉ. चावला ने पिछले महीने 4-5 कारण बताओ नोटिस जारी किए। इससे अशोक और शंकरलाल दोनों डॉ. चावला से रंजिश रखने लगे।
17 मई को डॉ. चावला ड्यूटी पर आए। अशोक और शंकरलाल भी मौजूद थे। दोपहर 2 बजे डॉ. चावला बारां लौटने लगे तो अशोक ने उन्हें ठंडा पिलाने के बहाने रोक लिया। शंकरलाल को फोन कर ठंडा मंगवाया। तीनों ने ठंडा पिया। फिर नहाने के बहाने डॉ. चावला को मोटरसाइकिल पर कोटड़ी सूंडा गांव ले गए। वहां शराब ठेके से 5 केन बीयर, पानी की बोतलें और सिगरेट खरीदी। डॉ. चावला को अधिक शराब पिलाई। फिर दोनों ने पूर्व योजना के तहत पानी में डुबोकर हत्या कर दी। शव वहीं छोड़कर शाम 7 बजे पैदल जंगल के रास्ते सीएचसी लौट आए। अगले दिन डॉ. चावला के पिता के आने पर दोनों ने झूठ बोला और गुमराह किया।
जांच में पुलिस ने कोयला और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल से तकनीकी मदद ली। कोटड़ी सूंडा की एक दुकान के कैमरे में डॉ. चावला को मोटरसाइकिल पर ले जाते अशोक और शंकरलाल दिखे। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। तीन दिन की पुलिस रिमांड ली गई है। पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी- अशोक कुमार वर्मा, उम्र 33 साल, निवासी लोढाखेड़ा, हाल नर्सिंग ऑफिसर, सीएचसी कोयला व शंकरलाल बैरवा, उम्र 38 साल, निवासी ढाणी राजपुरा, हाल सेक्टर हेल्थ सुपरवाइजर, सीएचसी कोयला है।
पुलिस टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमेन्द्र सिंह शेखावत, थानाधिकारी हीरालाल पूनिया, साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद शर्मा, चौकी कोयला के लक्ष्मीचंद, कोतवाली के विनोद कुमार, सिपाही सुशील और राकेश सैनी शामिल रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




