बारां। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र महाप्रबंधक रविन्द्र वर्मा ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा राज्य के कुशल बुनकरों, सहकारी समितियों को उनके द्वारा उत्पादित उत्कृष्ट उत्पादों एवं गतिविधियों को पहचान व सम्मान दिलाने के लिए जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर नकद पुरस्कार दिए जाने की योजना संचालित की जा रही है। जिला स्तरीय बुनकर पुरस्कार के लिए जिले की सीमा में कार्यरत हथकरघा समितियों, बुनकरों से आवेदन पत्र आमंत्रित है। जिला स्तरीय पुरस्कार हेतु हथकरघा समितियों का चयन उनके गत तीन वर्षों से लाभ अर्जन, राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय मेलों, एक्सपो में उनकी सहभागिता, गत तीन वर्षों में विभागीय योजनाओं में सक्रिय भूमिका निर्यात में योगदान व अन्य विशिष्ट योगदान के आधार पर किया जाएगा।
बुनकरों को पुरस्कार देते समय उनके द्वारा उत्पादित विशिष्ठ उत्पादों, निर्यात में उनके योगदान एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के मेलो में उनके द्वारा किए गए राज्य के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखा जाएगा। बुनकरों, बुनकर सहकारी समितियो का चयन जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र महाप्रबंधक ने बताया कि चयनित बुनकरों, सहकारी समितियों को प्रथम पुरस्कार 5100 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपए, तृतीय पुरस्कार 2100 रुपए एवं सांत्वना पुरस्कार 1100 रुपए नगद दिए जाएंगे। पुरस्कार हेतु इच्छुक बुनकर, बुनकर सहकारी समितियां निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र इस कार्यालय में 16 जून 2025 तक प्रस्तुत कर सकते है। आवेदन फार्म कार्यालय जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र बारां से प्राप्त किया जा सकता है।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




