पल्लवी किराड़ को मिला बारां की बींदणी का खिलाब
मांडना, मेंहदी और रंगोली से सजा बारां महोत्सव का पहला दिन
बारां। जिले के 35वें स्थापना दिवस के आयोजन के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय बारां महोत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन की ओर से शहर के संस्था धर्मादा धर्मशाला परिसर में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत महिलाओं की विविध प्रतियोगिताओं के साथ की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राधेश्याम बैरवा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
पहले दिन की रंगारंग प्रस्तुतियां
महोत्सव के पहले दिन पूरे जिले से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां व आम नागरिक शामिल हुए। महिलाओं के लिए आयोजित बारां री बींदणी- मिसेज बारां में नवविवाहिताओं ने खासा उत्साह दिखाया। रैम्प वॉक, इंट्रोडक्शन और नृत्य के माध्यम से प्रतियोगिता में 20 प्रतिभागियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आयोजन में राजस्थानी रंग बिखेर दिए। मेहंदी, मांडना और रंगोली प्रतियोगिताएं भी विशेष आकर्षण रहीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पारंपरिक रंगों, डिजाइनों और कलाकारी से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों ने खूब सराहना की। परिसर में ही विविध स्टॉल्स लगाकर हैण्डीक्राफ्ट व स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया।
अतिथियों का भ्रमण और प्रोत्साहन
शुभारंभ के बाद अतिथियों ने आयोजन स्थल पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया। मांडना, रंगोली एवं मेंहदी की कलात्मक प्रस्तुतियों को देखकर अतिथियों ने प्रतिभागियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर लगे स्थानीय उत्पादों के स्टॉल्स का निरीक्षण भी किया गया, जहां हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, पारंपरिक वस्त्र एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री प्रदर्शित की गई थी। विधायक एवं कलक्टर ने इन स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए उनके प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
लोक संस्कृति की जीवंत झलक
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण ‘बारां की बींदणी’ की प्रस्तुति रही, जिसमें जिले की सांस्कृतिक विरासत, वेशभूषा एवं पारंपरिक लोकनृत्य का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संगीत एवं नृत्य कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
बारां री बींदणी प्रतियोगिता में प्रथम पल्लवी किराड़, द्वितीय मानसी सिंघल व तृतीय चंचल गौतम रही। मेहन्दी प्रतियोगिता में शिवानी ने प्रथम,योगिता चौरसिया ने द्वितीय व पूजा नामा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार मांडना में प्रथम लक्ष्मी हाड़ा, द्वितीय दमयंती अग्रवाल व तृतीय संतोष शर्मा वहीं रंगोली में प्रथम ममता अग्रवाल, द्वितीय संयुक्त रुप से सीमा नामा व पूजा काबरा, तृतीय बुलबुल रही।
प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडीएम दिवांशु शर्मा, सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, नगर परिषद आयुक्त अनिल चौधरी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में जिले के सामाजिक संगठनों का सराहनीय सहयोग सराहनीय रहा, जिन्होंने व्यवस्था, सहभागिता एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फोटो कैप्शनः-2,3,6,7,8,9 बारां महोत्सव का रंगारंग आगाज, लोक संस्कृति और परंपराओं की छटी बिखेरी।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




