सीएमएचओ ने सूचना मिलते ही मौके पर भेजी एंबुलेंस, दो मरीजों को सुरक्षित जिला अस्पताल में कराया भर्ती
बारां। मांगरोल ब्लॉक के चौनपुरिया से दो मरीजों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीएमएचओ डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि मांगरोल ब्लॉक के चौनपुरिया में नदी उफान पर होने से आवाजाही बंद थी। चौनपुरिया निवासी 2 वर्षीय हरिओम पुत्र पवन मेघवाल को बुखार होने और 18 वर्षीय निकिता पुत्री ब्रजवल्लभ पेट दर्द की शिकायत थी। नदी के उफान पर होने से दोनों अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर बारां एसडीएम विश्वजीत के निर्देशन में रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित कर एसडीआरएफ की मदद से चौनपुरिया से मरीजों को नदी पार करवाई गई।

वहीं सूचना मिलने पर सीएमएचओ डॉ. संजीव सक्सेना ने बारां से एंबुलेंस भेजी। दोनों मरीजों को एंबुलेंस की मदद से शहीद राजमल मीणा अस्पताल में भर्ती कराया है। सीएमएचओ डॉ. सक्सेना ने बताया कि मानसून के सीजन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सभी स्टाफ को मुख्यालय पर रहकर सेवाएं देने के निर्देश दिए हैं। वहीं आपात स्थिति को लेकर अलर्ट पर रखा गया है। मरीजों को आवश्यकता होने पर एंबुलेंस भेजी जा रही है। वहीं अस्पतालों में भी उपचार के समुचित बंदोबस्त किए हैं। अधीनस्थ अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




