विधायक प्रेमी पर लगे आरोपों व अन्य मांगों को लेकर जताई नाराजगी, पूर्व विधायक का पुतला फूंका
बारां बैरवा समाज की ओर से बुधवार को बूंदी की पुरानी धानमंडी परिसर में किए गए धरना प्रदर्शन में बारां से बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। यह प्रदर्शन केशोराय पाटन के विधायक सीएल प्रेमी के खिलाफ किए गए जातीय षडयंत्र सहित विभिन्न मांगों को लेकर किया गया था। प्रदर्शन से लौटकर बैरवा समाज उत्थान समिति के जिलाध्यक्ष सूरजमल बैरवा ने बताया कि समाज के लोगों ने इस दौरान बूंदी में हुई आमसभा में भी भाग लिया। इसमें वक्ताओं ने समाज की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। गंभीर मुद्दों पर सभी को एकजुट होने का आव्हान किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि विधायक सी.एल.प्रेमी बैरवा पर जातिगत टिप्पणियां करना बंद नहीं किया गया तो समाज ईट से ईट बजा देगा।

अभी तो जिला व संभाग स्तर पर शक्ति प्रदर्शन किया है। जरूरत पड़ी तो जयपुर की सड़कों पर जनसैलाब लेकर जायेंगे। बारां से महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेश बैरवा ने आमसभा में कहा कि सी.एल.प्रेमी बैरवा समाज के हैं। उनको समाज के नाम पर अगर बदनाम व परेशान किया जाता रहा तो हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। हम मेहनतकश लोग है। हम शांति में विश्वास करते है। अगर हमें गलत तरीके से दबाया जाएगा, तो पूरी ताकत से इसका विरोध करेंगे। जातिगत टिप्पणी करने वाले के ऊपर जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। विरोध प्रदर्शन में बैरवा समाज विकास समिति जिलाध्यक्ष मोहन मस्ताना, रामप्रसाद बैरवा पूर्व प्रधानाचार्य, महावीर गोठवाल, जगदीश प्रसाद नलका, प्रेमचंद बैरवा छबड़ा, रामकरण बैरवा, सरपंच रामेश्वर बैरवा आदि ने भाग लिया था।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




