बारां। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपखंड मुख्यालय अंता पर 17 अगस्त (रविवार) को पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का दो पारियों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में परीक्षा आयोजन के लिए नियुक्त विभिन्न पदाधिकारियों, अधिकारियों, कार्मिकों का एक दिवसीय ब्रीफिंग, प्रशिक्षण जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में जिला परिषद के सभागार भवन में रखा गया है।
इस प्रशिक्षण में जिला पुलिस अधीक्षक, जिला पुलिस नोडल अधिकारी, सतर्कता दल सदस्य, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (मा/प्रा), उप समन्वयक एवं अतिरिक्त उप समन्वयक, केन्द्राधीक्षक एवं सहायक केन्द्राधीक्षक, पर्यवेक्षक, कोषाधिकारी, लेखाधिकारी कलक्ट्रेट एवं सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रशिक्षण, ब्रीफिंग में उपस्थित रहेंगे। परीक्षा के लिए एडीएम दिवांशु शर्मा को जिला परीक्षा समन्वयक, उपखण्ड अधिकारी अंता ओमप्रकाश चंदेलिया को अतिरिक्त परीक्षा समन्वयक, एएसपी राजेश चौधरी को पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कन्ट्रोल रूम स्थापित
पटवार सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन दो पारियों में समय प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक एवं अपरान्ह 3 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर कार्यालय में 15 व 16 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक परीक्षा दिवस 17 अगस्त को प्रातः 6 बजे से परीक्षा समाप्त होने के बाद गोपनीय सामग्री डाकघर में जमा एवं अन्य सामग्री जिला कोषागार के स्ट्रोंग रूम में जमा होने तक कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
इस संबंध में जिला स्तर पर जिला कलक्टर कार्यालय के कमरा नम्बर 10 में कन्ट्रोल रूम (दूरभाष नम्बर 07453-237021) स्थापित कर गोविन्द भेडोलिया (प्रभारी), त्रिलोक करोलिया, मेघराज नागर, सुलोचना नागर, नगीना कुमारी सहित नरेन्द्र सहरिया आदि कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




