बारां। खेत की फसल में दवाई डाल रहे किसान दंपति के साथ गांव के ही दबंगों ने जानलेवा हमला कर जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। किसान दम्पत्ति को बारां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं बीच बचाव करने आई नाबालिग भतीजी को भी लट्ठों से मारा गया। यह मामला नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के पचलावडा गांव का बताया गया है। जहां दबंगों ने पचलावडा निवासी किसान मोहन लाल नागर व उनकी पत्नी मनभर बाई, बहु मंजू बाई व भतीजे किन्शु नागर के साथ लट्ठों से मारपीट की।
पीड़ित परिवार ने 15 जुलाई को नाहरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई प्रभावी कारवाई नहीं की है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाते हुए थाने व एसपी ऑफिस के चक्कर लगाने को मजबूर है। गत 25 जुलाई को भी पीड़ित परिवार के द्वारा कारवाई की मांग को लेकर एसपी को परिवाद दिया था। उस पर कारवाई नहीं होने पर सोमवार को पीड़ित परिवार ने एक बार फिर एसपी को परिवाद देकर न्याय की गुहार लगाई है।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




