बारां। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र महाप्रबंधक दिनेश कुमार बुनकर ने बताया कि जिले में निवेशकों द्वारा स्थापित किए जाने वाले प्रोजेक्ट्स को पात्रतानुसार विभिन्न नीतियों, योजनाओं के अंतर्गत प्रदत्त परिलाभो की जानकारी प्रदान किए जाने के लिए कार्यालय जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा 22 मई को एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन होटल द श्री द्वारिका, नेशनल हाईवे 27, कोटा रोड बारां में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमों की स्थापना, विस्तार एवं आधुनिकीकरण में मदद करना है। साथ ही राईजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए एमओयू को वास्तविक निवेश में बदलने पर भी फोकस रहेगा।
कार्यशाला में राजस्थान एमएसएमई नीति राजस्थान ओडीओपी नीति एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति राजस्थान लॉजिस्टिक्स नीति राजस्थान वस्त्र एवं परिधान नीति राजस्थान डाटा सेंटर नीति राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में जिले के औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, बैंकर्स, सी. ए. एसोसिएशन सहित समस्त स्टेक होल्डर्स, रीको, वाणिज्यिक कर विभाग, कृषि विपणन बोर्ड, ऊर्जा विभाग, पर्यटन विभाग, खनिज विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय विज्ञ अधिकारियों की सहायता से नीतियों, योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी एवं निवेशकों की क्यूरी का समाधान किया जाएगा।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




