जिला स्तरीय “प्रबल कार्यक्रम” सफलतापूर्वक सम्पन्न
बारां। कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, बारां के तत्वावधान में 21वीं सदी के कौशल एवं जीवन-कौशल (प्रबल) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम कोटा रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विचार-अभिव्यक्ति, तर्कशीलता, रचनात्मकता, संवाद-कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण / आशु भाषण प्रतियोगिता, गायन तथा लघु नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। प्रमुख विषय — किशोर आयु में आधुनिकता, सोशल मीडिया एवं AI का प्रभाव और नैतिक-सामाजिक मूल्यों का संरक्षण; राजस्थान के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी, निजी क्षेत्र एवं उद्यमिता के माध्यम से रोजगार के अवसर; तथा स्वच्छ राजस्थान, हरित राजस्थान, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण में किशोर-किशोरियों की रचनात्मक भागीदारी रहे।
परिणाम :
छात्र वर्ग में – प्रथम स्थान – गोलू, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घट्टी, ब्लॉक किशनगंज
द्वितीय स्थान – हैदर खान, पीएम श्री दानमल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छीपाबड़ौद
छात्रा वर्ग में – प्रथम स्थान – किरण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झरखेड़ी, ब्लॉक छबड़ा
द्वितीय स्थान – नेहा नागर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अटरू ने प्राप्त किया।
सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में गेंदा लाल रैगर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, बारां; सीताराम गोयल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एवं एडीपीसी, समग्र शिक्षा; मनोज खुराना, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) एवं डाइट प्राचार्य बारां; दशरथ सुवानिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक); वेणी प्रसाद वर्मा, प्रधानाचार्य, पीएम श्री राउमावि अंता सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी प्रतिनिधि एवं आयोजन दल के सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को पाठ्य ज्ञान के साथ-साथ जीवन-कौशल, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार, रोजगार के प्रति जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।
अंत में गंगा प्रसाद मीणा, एपीसी समग्र शिक्षा, बारां द्वारा सभी अतिथियों, मूल्यांकनकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी दल का आभार व्यक्त किया गया।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते



