बारां। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर शहर के फल मंडी के सामने राजकीय पीजी कॉलेज के पीछे स्थित अग्रवाल सेवा सदन में 22 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक वीरेंद्रकुमार सोहाया ने बताया कि शिविर मे पाइल्स, फिशर व भगंदर का ओपरेशन आयुर्वेद पद्धति क्षारसूत्र द्वारा किया जायेगा।

शिविर मे अनेक प्रकार के जटिल रोग प्रमेह, डायबीटीज, उच्च रक्तचाप, बीपी, चर्म रोग, जोड़ों के रोग, गठिया, घुटने व कमर दद,र् पेट की बीमारियां, बाल रोग, स्त्री रोग, श्वांस रोग आदि रोगों का पंचकर्म, अग्निकर्म, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा द्वारा परामर्श देकर उपचार किया जाएगा। परामर्श व उपचार विशेषज्ञ चिकित्सको द्वारा किया जायेगा। औषधि वितरण निशुल्क किया जाएगा तथा पांच वर्ष तक के बच्चो को स्वर्ण प्राशन भी करवाया जायेगा।
उपनिदेशक सोहाया ने बताया कि शिविर में परामर्श का समय प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसमें महिला रोगियों के लिए अलग वार्ड व महिला डॉक्टर की व्यवस्था की गई है। शिविर प्रभारी डॉ. कमलेश कंवरिया ने बताया कि शिविर का उद्घाटन समारोह 22 जनवरी को सुबह 11 बजे होगा। जिसमें मुख्य अतिथि जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष नरेशसिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक डॉ. ललित मीणा, उप जिला प्रमुख छीतरलाल पारलिया होंगे।
इसी प्रकार प्रधान मोरपाल सुमन, भाजपा नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश पारेता, जिला उपाध्यक्ष मुकेश केरवालिया व महामंत्री महावीर सिंह हाड़ा होंगे। शिविर में जिला प्रशासन को आयोजक के रूप में शामिल किया गया है। शहर सहित जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। इसमें भर्ती होने वाले रोगियों को रहने, खाने और औषधि की व्यवस्था निशुल्क रहेगी। शिविर के लिए रजिस्ट्रेशन नजदीक के आयुर्वेद औषधालय मे अथवा शिविर स्थल पर करवाया जा सकता है।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




