तंबाकू के खिलाफ जंग:
तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो: बारां में 80 से ज्यादा नुक्कड़ नाटक, 400 स्कूलों में चला नियंत्रण अभियान
बारां। तंबाकू नियंत्रण को लेकर जिलेभर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि तंबाकू के दुष्प्रभावों से आमजन, विशेषकर बच्चों और युवाओं को बचाने के उद्देश्य से यह अभियान सभी ब्लॉक मुख्यालयों, जिला मुख्यालय बारां तथा प्रमुख कस्बों में संचालित किया जा रहा है।

डॉ. सक्सेना ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 80 से अधिक नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया है। इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी समस्याओं और सामाजिक नुकसान को सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक बाजारों, बस स्टैंड, विद्यालयों के आसपास और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचे।

उन्होंने बताया कि तंबाकू नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जिले के 400 से अधिक स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को तंबाकू के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी जा रही है। स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण और संवाद सत्रों के माध्यम से बच्चों को तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बच्चों को यह भी बताया जा रहा है कि तंबाकू न केवल स्वयं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

सीएमएचओ ने बताया कि जागरूकता को स्थायी बनाने के लिए जिले के सभी आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं जिला मुख्यालय पर वाल पेंटिंग के माध्यम से तंबाकू विरोधी स्लोगन और चित्रकारी कराई गई है। इन चित्रों और संदेशों के जरिए लोगों को हर दिन तंबाकू से होने वाले नुकसान की याद दिलाई जा रही है।
डॉ. संजीव सक्सेना ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना ही नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू से दूरी बनाएं और अपने आसपास के लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं को भी इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराएं। स्वास्थ्य विभाग आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से तंबाकू मुक्त बारां बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




