परिवार ने शोक में भी सेवा का संकल्प निभाया
• दो महीनों में परिषद का आठवां नेत्रदान
• शाइन इंडिया फाउंडेशन जल्द करेगा नेत्रदानी परिवारों का सम्मान समारोह
बारां। स्थानीय तालाब पाड़ा क्षेत्र के 41 वर्षीय युवक श्री कपिल मंत्री का बीती रात अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। परिवार पर दुख का पहाड़ टूटने के बावजूद मंत्री परिवार ने अद्भुत मानव सेवा का परिचय देते हुए नेत्रदान का निर्णय लेकर समाज में एक प्रेरणादायी संदेश दिया।

शाइन इंडिया फाउंडेशन, बारां के संयोजक एवं भारत विकास परिषद के सचिव हितेश खंडेलवाल ने बताया कि कपिल मंत्री के देवलोकगमन की सूचना संस्था के ज्योति मित्र लोकेश पांचाल और सुलभा गुप्ता द्वारा मिलते ही परिवार से नेत्रदान हेतु संपर्क किया गया। मंत्री परिवार पूर्व में भी अपने दिवंगत परिजनों के नेत्रदान करा चुका है,और उसी पावन परंपरा को निभाते हुए इस बार भी परिवार ने सहमति प्रदान की।
नेत्रदान के लिए पिता गोपाल मंत्री, माता संतोष मंत्री, पत्नी जयमाला, भाई नितिन, तथा पुत्र दिव्यांश एवं न्यांश द्वारा सहमति दी गई। सूचना मिलते ही शाइन इंडिया व बीबीजे चैप्टर के संयोजक डॉ. कुलवंत गौड़ कोटा से बारां पहुंचे और नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी की।
नेत्रदान के इस कार्य में नवीन सोमानी, सत्यनारायण माहेश्वरी, गिर्राज महेश्वरी, बृजेन्द्र जोशी, रोहित गौतम सहित कई समाजसेवियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ. कुलवंत गौड़ ने बताया कि बारां जिले में नेत्रदान के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय कार्य हो रहा है। लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ी है और अब जिलेभर के नेत्रदानी परिवारों के सम्मान में जल्द ही एक भव्य आयोजन की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष नरेश खंडेलवाल ने बताया कि यह बारां जिले का 78वां नेत्रदान है तथा परिषद द्वारा पिछले दो महीनों में संपन्न हुआ आठवां नेत्रदान। परिषद नियमित रूप से नेत्रदान और नेत्र जांच शिविरों का आयोजन भी करती है। आगामी नेत्र जांच शिविर 7 दिसंबर, रविवार को खंडेलवाल धर्मशाला, बारां में आयोजित किया जाएगा। मंत्री परिवार का यह निर्णय समाज में सेवा, संवेदना और संस्कारों की सबसे उज्ज्वल मिसाल बनकर सामने आया है, जो अनेक लोगों को प्रेरित करेगा।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




