बारां। जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने शुक्रवार को सहरिया बहुल शाहबाद क्षेत्र का दौरा करते हुए छात्रों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने बांसथूनी के जनजातीय बालक छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रों से बातचीत करते हुए भोजन, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में पूछा। साथ ही उनकी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी हासिल की।

उन्होंने मौसम में तेज गर्मी का प्रभाव देखते हुए छात्रावास में पर्याप्त संख्या में कूलर, पंखे व मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने छात्रावास परिसर की साफ-सफाई व व्यवस्था की बारीकी से जांच की तथा शौचालयों सहित सम्पूर्ण परिसर की नियमित रूप से सफाई करने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। इस दौरान जिला कलक्टर के साथ एडीएम शाहबाद जब्बर सिंह, जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते


