बारां। राजकीय स्वर्गीय बाबू रतनलाल गोठवाल आयुर्वेदिक चल चिकित्सा इकाई, बारां में शनिवार को डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से एक दिवसीय आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर प्रभारी डॉ. हरिशंकर मीणा ने बताया कि शिविर में अर्श (पाइल्स), फिशर एवं भगंदर से संबंधित 94 रोगियों की जांच कर चिकित्सा परामर्श एवं औषधियां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त 128 रोगियों की मधुमेह की निःशुल्क जांच कर आवश्यक औषधियां दी गईं। वहीं, कास, श्वास एवं प्रतिश्याय आदि व्याधियों से पीड़ित 200 रोगियों को आयुर्वेदिक काढ़े का सेवन कराया गया।
शिविर में डॉ. पूनम विश्वास, डॉ. बरखा मेहरा, वरिष्ठ कम्पाउंडर शिव शंकर नागर, कम्पाउंडर शिव शंकर मेघवाल, परिचारिका सीमा मीणा तथा श्याम सिंह, महेंद्र गोयल एवं सत्यनारायण नागर ने सेवाएं प्रदान कीं। डाबर इंडिया लिमिटेड की ओर से गोपीनाथ शर्मा एवं मुकेश कुमार गौड़ ने औषधियों और अन्य सहयोग के साथ शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया।
शिविर के दौरान चिकित्सालय की चिकित्सा सेवाओं से प्रसन्न होकर प्रिंस सिंगल ने चिकित्सालय को ऑटोक्लेव मशीन दान स्वरूप भेंट की। चिकित्सालय की ओर से इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते



