कांग्रेसजनों ने मनाई राजीव गांधी की जयन्ती
बारां। जिला कांग्रेस कमेटी बारां द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने देश में सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार, पंचायतीराज एवं युवाओं को आगे बढ़ाने के क्षेत्र में दूरगामी कार्य किए। राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा और उसे साकार करने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति राजीव गांधी का समर्पण कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल ने कहा कि राजीव गांधी ने युवा शक्ति को देश की प्रगति का आधार माना और लोकतंत्र को गांव-गांव तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने कहा कि आज देश में सूचना क्रांति और तकनीकी विकास के रूप में जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, उनमें राजीव गांधी की दूरदृष्टि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा के लिए संकल्पित रहना चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन, विजय प्रताप सिंह प्रभारी युवक कांग्रेस जिला बारां, प्रदेश महासचिव सेवादल अशरफ देशवाली, सेवादल जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, नगर अध्यक्ष बारां प्रशान्त भारद्वाज, कांग्रेस प्रवक्ता शरद शर्मा, इरफान अंसारी मंडल अध्यक्ष, शारिक हुसैन, साजिद खान, मोहित मीणा, धर्मेन्द्र नागर, प्रशान्त चैरसिया, राजेन्द्र नामा, जय गालव, दीपू नागर, विजय ऐरवाल, राहुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के आदर्शों एवं देशहित में उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते
