[aioseo_breadcrumbs]

कलेक्ट्रेट भवन पर हवाई हमले से हडकंप!

बचाव दलों व सुरक्षा बलों ने तत्काल मौके पर राहत कार्य किया प्रारंभ
एअर स्ट्राइक की मॉक ड्रिल
बारां। जिला कलेक्ट्रेट भवन पर गुरुवार शाम 6 बजे हवाई हमला हो जाने की सूचना से एकाएक हड़कंप मच गया। इस दौरान समूचा क्षेत्र सायरनों की आवाज से गूंज उठा। सूचना मिलने पर पहुंचे बचाव दलों व सुरक्षाबलों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर धूएं के गुबार से भरे कलेक्ट्रेट भवन बचाव व राहत कार्य प्रारंभ किया। हमले में घायल 9 जनों को उपचार के लिए एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने मौके पर बचाव व राहत कार्य की कमान संभालते हुए दस मिनट के भीतर सम्पूर्ण ऑपरेशन को पूर्ण कर लिया गया। साथ ही हमले से बचाव के लिए रात साढ़े सात बजे जिला मुख्यालय पर ब्लैक आउट करते हुए सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व घरों की लाइटों को बंद कराया गया।
जिला प्रशासन के निर्देशन में हवाई हमले के दौरान बचाव दलों, सुरक्षा बलों सहित संबंधित विभागों की मुस्तैदी व कार्यकुशलता को परखने तथा अभ्यास के लिए यह मॉक ड्रिल किया गया था। जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष से हमले की सूचना मिलने पर नागरिक सुरक्षा दल व पुलिस तीन मिनट में, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ की टीमें चार मिनट में एवं आरएसी सहित गृह रक्षा दल की टीमें पांच मिनट में घटना स्थल पर पहुंच गई थी। जिन्होंने तुरंत धुएं से भरे कलेक्ट्रेट भवन में घुसकर घायलों को स्ट्रेचर पर बाहर निकालकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। साथ ही दमकल से भवन के भीतरी भाग में आग बुझाने का काम प्रारंभ किया तथा भवन में फंसे हुए कर्मचारियों व आमजन को सुरक्षित बाहर निकाला।

मॉक ड्रिल के दौरान एसडीएम विश्वजीत सिंह, डीएसपी हरिराम सोनी, पीडब्ल्यूडी एसई हुकमचंद मीणा, सीएमएचओ संजीव सक्सेना सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के पश्चात जिला कलक्टर जनागल ने अभ्यास में अभियान की सुरक्षा और बचाव टीम की कार्य कुशलता की प्रशंसा की। उन्होंने बचाव दलों व सुरक्षा बलों से ऑपरेशन के बारे में फीडबैक लेते हुए भविष्य में सभी चुनौतियों का तत्परता से सामना करने और कुशलता के साथ मिशन पूरा करने के निर्देश दिए। नागरिक सुरक्षा मंत्रालय, गृह रक्षा मंत्रालय, अग्निशमन सेवा, उप महानिदेशालय के निर्देशानुसार ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मिली सीख के तहत जिला कलेक्ट्रेट भवन पर मॉक ड्रिल का यह अभ्यास किया गया। जिसमें बचाव के लिए कार्यकुशलता के साथ संसाधनों के उपयोग को परखा गया।
Third Eye News 24
Author: Third Eye News 24

सत्यमेव जयते

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RELATED LATEST NEWS