सांसद दुष्यंत करेंगे वर्चुअल शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
बारां। जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में शहर स्थित श्रीराम स्टेडियम एवं खेल संकुल, कोटा रोड के विकास कार्यों का शुभारंभ 24 जुलाई को प्रातः 11 बजे किया जाएगा। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त फुटबॉल मैदान, एथलेटिक्स ट्रैक एवं अन्य खेल अधोसंरचना का लाभ मिलेगा।
नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त दशरथ मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुरूप श्रीराम स्टेडियम में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें हरी घासयुक्त फुटबॉल मैदान, आधुनिक लाइटिंग, डायवर्जन व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक खेल सुविधाओं का विकास शामिल है।
उन्होंने बताया कि खेल संकुल, कोटा रोड, बारां में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत 145 लाख रुपये की लागत से मिट्टी भराई, एथलेटिक्स ट्रैक, नाला निर्माण, लाइटिंग एवं अन्य आधारभूत विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे जिले के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
जिला फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने बताया कि लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए शुभारंभ समारोह अब जिला परिषद सभागार, बारां में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दुष्यंत सिंह होंगे, जो वर्चुअल माध्यम से विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे।
समारोह में विधायक ललित मीणा, विधायक राधेश्याम बेरवा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन नगर परिषद, बारां के तत्वावधान में किया जा रहा है।
जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भीमराज चौधरी ने बताया कि समारोह के दौरान जिले के विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों, खेल भामाशाहों एवं पत्रकार बंधुओं का जिला फुटबॉल संघ, बारां की ओर से सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनने का आग्रह किया है।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते




