बारां। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अर्थात मकान सूचीकरण का कार्य 16 मई से 14 जून के मध्य एवं स्वगणना कार्य 1 से 15 मई तक करवाया जाएगा। जिले में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक एवं सटीकता से निर्धारित समयावधि में सम्पादित करने के लिए सभी चार्ज स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा बैठक 28 अप्रैल को होगी।
उपजिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने जनगणना- 2027 के विभिन्न चरणों में परिवीक्षण, मार्गदर्शन तथा संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने एवं जनगणना कार्यों के सुव्यवस्थित एवं सफल संपादन के लिए जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का गठन किया है।
जिले में जनगणना 2027 के कार्यों की समीक्षा, आगामी फील्ड वर्क की तैयारियां एवं 1 से 15 मई के मध्य स्वगणना करवाने के लिए जिला जनगणना समन्वय समिति, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त उपखंड अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी ग्रामीण व शहरी की जिला मिनी सचिवालय सभागार में 28 अप्रैल को प्रातः 10 बजे बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के लिए किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा, प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा, 1 मई को जिले के सभी राजकीय अधिकारी व कर्मचारी द्वारा स्वगणना, 1 से 15 मई के मध्य स्वगणना के लिए कार्ययोजना, 16 मई से 14 जून के मध्य फील्ड वर्क के लिए कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। बैठक में सभी उपखंड अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी तथा जिला स्तरीय विभागाध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते



