विश्व विरासत दिवस पर बारां में संगोष्ठी का आयोजन
बारां। विश्व विरासत दिवस के उपलक्ष्य में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बारां एवं इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज बारां चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में झालावाड़ रोड, बारां में एक रिसोर्ट में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय “बारां ज़िले की विरासतें और हमारे प्रयास” रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप सिंह जादौन, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, कला, संस्कृति, पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग, बारां ने कहा कि जिले की ऐतिहासिक धरोहरें बारां की सांस्कृतिक पहचान हैं। इनके संरक्षण हेतु प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं नागरिक समाज के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विरासत संरक्षण से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होती है।

विशिष्ट अतिथि रामदास शर्मा सह-संयोजक इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज ने बताया कि इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज विगत कई वर्षों से शोध, प्रलेखन एवं जन-जागरूकता के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि बारां की विरासतों को संरक्षित रखने में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बारां के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन, आतिथ्य उद्योग और विरासत संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। विरासतों के संरक्षण से न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं, अपितु क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होता है। कार्यक्रम का संचालन इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज बारां चैप्टर के संयोजक जितेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने संगोष्ठी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विरासत के प्रति समाज में संवेदनशीलता एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक योगेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जन-जागरूकता के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मीडिया एवं जनसंपर्क के माध्यम से विरासत संरक्षण का संदेश व्यापक जनसमुदाय तक पहुँचाया जाना चाहिए, जिससे आमजन भी संरक्षण प्रयासों से जुड़ सकें।
संगोष्ठी में प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यटन एवं होटल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जिले की विरासतों के संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। अंत में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बारां के अध्यक्ष अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
Author: Third Eye News 24
सत्यमेव जयते


